विधायक शंकर सिंह ने किया दो दर्जन सड़कों-नालों का शिलान्यास, पूर्व विधायक बीमा भारती को मंच से दी खुली चुनौती

पूर्णिया, आनंद यादुका: शनिवार की संध्या भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बलदेव उच्च विद्यालय क्रीड़ा मैदान में आयोजित भव्य समारोह में रुपौली विधायक शंकर सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक सड़कों और नालों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं दर्जन भर से अधिक सड़कों का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे, जिनमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के अलावा कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।

विधायक शंकर सिंह ने मंच से पूर्व विधायक बीमा भारती पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रचारित यह बात कि “मेरे द्वारा उनके काम का श्रेय लिया जा रहा है” पूरी तरह निराधार है। उन्होंने पूर्व विधायक को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने इन कार्यों के लिए किसी मंत्री को कोई पत्र भी लिखा हो, तो उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा रुपौली की जनता भगवान से माफी मांगे। शंकर सिंह ने यहां तक कहा कि अगर एक भी काम गलत साबित हो जाए, तो वह राजनीति से सन्यास ले लेंगे। समारोह के दौरान जिला परिषद सदस्य प्रतिमा कुमारी उर्फ सुनीता सिंह ने भी पूर्व विधायक और उनकी पुत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे सिर्फ सोशल मीडिया पर बने रहने के लिए झूठे आरोप लगाते हैं, लेकिन जनता सब देख रही है और आने वाला वक्त इसका जवाब देगा।

कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी आशिफ अनवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सावन कुमार, मुखिया इंजीनियर सागर अलीम, समाजसेवी राजेश लोढ़ा, पूर्व प्रधान अनिल कुमार साह, भाजपा नेता विजय महतो, वार्ड संघ जिलाध्यक्ष सुमन कुमार समेत सैकड़ों गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। समारोह में सभी अतिथियों को माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *