विकास योजनाओं की प्रगति पर विधायक विजय खेमका ने जिला पदाधिकारी से की विस्तृत चर्चा

PURNIA NEWS : वर्ष 2025 में पूर्णिया के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वीकृत प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान विधायक विजय खेमका ने जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार से विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर विधायक ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरसौनी बस टर्मिनल, पॉलिटेक्निक चौक पर प्लेनेटोरियम एवं संग्रहालय, जिला स्कूल मैदान और डीएसए ग्राउंड के सौंदर्यीकरण सहित कई परियोजनाओं में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की और उन्हें शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही, सिटी जगन्नाथ मंदिर, सिटी संगत गुरुद्वारा और रानीपतरा सर्वोदय गांधी आश्रम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। विधायक ने बताया कि पूर्णिया में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जैसे हांसदा मौजा में 50 एकड़, मुरियारी टोली आलमगंज में 40 एकड़ और सिटी सौरा नदी एवं बेलौरी क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ से अधिक।

इस भूमि पर पूर्णिया सैटेलाइट टाउनशिप का विकास भी योजना में शामिल है। उन्होंने भट्ठा बाजार में खादी मॉल, थाना चौक के पास राजकीय जिला पुस्तकालय और केंद्रीय कारा के पास आधुनिक मौसम विज्ञान केंद्र के निर्माण को अंतिम चरण में बताया, जिसे नए वर्ष 2026 में जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण और खेल क्षेत्र में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के लिए पहल करने को कहा गया। विधायक ने वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्णिया को एयरपोर्ट और वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने, प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक जनसभा, कोशी-मेची महानंदा बाढ़ नियंत्रण योजना, पटना-पूर्णिया ग्रीन एक्सप्रेसवे और एनएच-31 के फोरलेन निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं को बड़ी उपलब्धियाँ बताया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पूर्णिया ने विकास की रफ्तार में महत्वपूर्ण प्रगति की है और वर्ष 2026 विकसित पूर्णिया की दिशा में निर्णायक वर्ष साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *