मुजफ्फरपुर डीएम सुब्रत कुमार सेन ने तेज की विधानसभा चुनाव तैयारी, अधिकारियों को मिले कड़े निर्देश

Posted by

Muzaffarpur news : आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार 9 सितंबर से विधानसभावार भ्रमण और समीक्षा की शुरुआत कांटी विधानसभा क्षेत्र से करेंगे। 8 सितंबर को हुए बैठक में सेक्टर पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रखंड व अंचल अधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और एएमएफ से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे। इनमें शस्त्र सत्यापन, भेद्यता मानचित्रण, मतदान केंद्रों और अर्द्धसैनिक बलों के आवासन स्थल पर सुविधाओं की उपलब्धता सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा होगी। जिलाधिकारी ने सभी 4186 मतदान केंद्रों पर पानी, बिजली, शौचालय, रैंप, साइनेज व हेल्प डेस्क जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस बार चलंत बूथ की व्यवस्था नहीं रहेगी। स्कूलों में बने मतदान केंद्रों पर सुविधाओं के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता को संयुक्त निरीक्षण करने को कहा गया है। कर्मियों के प्रशिक्षण पर विशेष बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मास्टर ट्रेनरों से लेकर अन्य कर्मियों तक सभी का प्रशिक्षण चुनाव आयोग के मानकों के अनुसार कराया जाए।

मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप गतिविधियों को प्रखंडवार तेज करने, महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और जेंडर रेशियो सुधारने पर जोर दिया गया। जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों में EVM और VVPAT का तकनीकी प्रशिक्षण चल रहा है। अब तक 1738 स्थानों पर प्रचार वाहन पहुंच चुका है, जिससे 20 हजार से अधिक मतदाता लाभान्वित हुए हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 की समीक्षा में बताया गया कि 24 जून से 7 सितंबर तक 1,39,092 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 39,968 का निष्पादन हो चुका है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 सितंबर को होगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *