ऑटो किराया विवाद में यात्री की चाकू मारकर हत्या, चालक गिरफ्तार

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): जोकीहाट थाना क्षेत्र के गोगरा चौक पर ऑटो के किराए को लेकर चल रहे पुराने विवाद में एक ऑटो चालक ने यात्री को चाकू मारकर घायल कर दिया। बाद में वही चालक घायल यात्री को लेकर सदर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।

  • क्या है पूरा मामला

मृतक के भाई सिकंदर ने बताया कि उनके भाई सुभान ने कुछ दिन पहले आरोपी चालक मरगुफ के ऑटो पर सवारी की थी और पैसे न होने पर ₹200 के बदले अपना मोबाइल दे दिया था। जब सुभान पैसे देकर अपना मोबाइल वापस लेने गया, तो मरगुफ ने मोबाइल के बदले ₹5,000 की मांग की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मरगुफ ने सुभान को चाकू मार दिया। घायल होने के बाद मरगुफ सुभान को अपने ऑटो में डालकर सदर अस्पताल ले गया। मृतक के परिजन भी खोजते हुए अस्पताल पहुंचे, जहाँ उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

  • आरोपी ने आरोपों से किया इनकार

हिरासत में लिए गए आरोपी चालक मरगुफ ने चाकू मारने के आरोप से इनकार किया है। उसने बताया कि सुभान नशे का आदी था और अक्सर उसे परेशान करता था। मरगुफ के अनुसार, झगड़े के दौरान सुभान धक्का लगने से गिर गया और शराब की बोतल का कांच धँसने से घायल हो गया था। जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी जेल जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *