PATNA/PURNIA : बिहार के युवाओं को बड़ी राहत – अब शिक्षक बहाली में मिलेगा राज्य के निवासियों को प्राथमिकता

PATNA/PURNIA : बिहार के युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि अब शिक्षक बहाली में बिहार के निवासियों (Domicile) को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग को संबन्धित नियमों में आवश्यक संशोधन करने का निर्देश दिया गया है, जो आगामी शिक्षक बहाली परीक्षा TRE-4 से ही लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में TRE-4 और वर्ष 2026 में TRE-5 की परीक्षा आयोजित की जाएगी। साथ ही TRE-5 से पहले एक और STET परीक्षा आयोजित कराने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। इस महत्वपूर्ण घोषणा पर छात्र जदयू पूर्णिया के जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता किशन भारद्वाज ने बिहार के युवाओं को शुभकामनाएं दी हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय न केवल बिहार के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करेगा, बल्कि लंबे समय से उठ रही मांगों को भी मान्यता देगा।

किशन भारद्वाज ने कहा, “यह कदम सीमांचल समेत पूरे राज्य के शिक्षित युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। इससे प्रतिभा को स्थानीय स्तर पर अवसर मिलेगा और शिक्षा व्यवस्था में स्थायित्व आएगा। मुख्यमंत्री जी ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वे युवा हितैषी और दूरदृष्टि वाले नेता हैं। बिहार सरकार के इस फैसले से प्रदेश में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है और यह निर्णय आने वाले समय में शिक्षा क्षेत्र को और मजबूती प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *