महाशिवरात्रि को लेकर भवानीपुर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

Peace committee meeting held at Bhawanipur police station on Mahashivratri

पूर्णिया / आनंद यादुका

महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर गुरुवार को भवानीपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता भवानीपुर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ कई गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर थानाध्यक्ष राजकुमार चौधरी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जिसे सभी लोगों के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें। थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, जुलूस एवं पूजा स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी, अवर निरीक्षक विकास कुमार सहित कई अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।