PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय में एबीवीपी का घेराव आंदोलन, भ्रष्टाचार व अवैध वसूली के खिलाफ गरजा छात्र शक्ति

PURNIA NEWS : पूर्णिया विश्वविद्यालय में चल रहे नामांकन प्रक्रिया में अवैध वसूली, शैक्षणिक अराजकता और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय परिसर का घेराव किया। सैकड़ों की संख्या में चार जिलों से पहुंचे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगों को लेकर आंदोलन किया। प्रांत सहमंत्री विनय सिंह ने कहा कि नामांकन के दौरान मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज सहित कई कॉलेजों में अवैध शुल्क वसूला गया है और विरोध करने पर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया, जिसके वीडियो सामने आ चुके हैं। विभाग संयोजक नीतीश निक्कू ने आरोप लगाया कि बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता, जिससे मजबूर होकर छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

वहीं कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने लिखित आश्वासन देते हुए कहा कि दोषी कर्मचारियों को चिन्हित कर निलंबित किया जाएगा और जिन छात्रों से अधिक शुल्क वसूला गया है, उन्हें राशि वापस की जाएगी। साथ ही पैट 2023 की लंबित नामांकन प्रक्रिया को 15 दिनों के भीतर पूरा कर 2024 सत्र की प्रक्रिया शुरू करने का वादा किया गया। विभाग संयोजक अमित मंडल और जिला संयोजक दीपक कुमार चौधरी ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी कॉलेज में अवैध वसूली हुई तो आंदोलन और भी व्यापक होगा। घेराव के चलते विश्वविद्यालय का कामकाज ठप रहा और घंटों तक छात्र-प्रशासन के बीच गतिरोध बना रहा, जो अंततः कुलपति, प्रति कुलपति और अन्य अधिकारियों की लिखित सहमति के बाद समाप्त हुआ। आंदोलन में डॉ. निखिल कुमार, नीतीश पासवान, विक्रांत सिंह, स्वीटी कुमारी, नेहा कुमारी, राकेश कुमार समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *