PURNIA NEWS : पूर्णिया के अमित कुँवर को मिला ‘अम्बपाली स्थापित कला श्री पुरस्कार

PURNIA NEWS : कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपने समर्पण और योगदान के लिए पूर्णिया के ख्याति प्राप्त नृत्य गुरु एवं कलाकार अमित कुँवर को बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2024–25 का अम्बपाली स्थापित कला श्री पुरस्कार (शास्त्रीय एवं लोक नृत्य विधा) से सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई है। इस उपलब्धि के बाद पूरे जिले के कला प्रेमियों और संस्कार भारती पूर्णिया इकाई में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई। अमित कुँवर पिछले ढाई दशक से लोक और शास्त्रीय नृत्य, नृत्य निर्देशन और अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं। वे न केवल कलाकार के रूप में जाने जाते हैं, बल्कि एक मार्गदर्शक और आयोजक के रूप में भी उन्होंने पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र की कला संस्कृति को नई पहचान दी है। उनके प्रयासों से संस्कार भारती पूर्णिया इकाई से अनेक विद्यालय, कलाकार और सांस्कृतिक संस्थाएँ जुड़ीं और कई बड़े आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

संस्कार भारती की संयोजक चांदनी शुक्ला ने कहा कि अमित कुँवर का व्यक्तित्व हंसमुख, सहयोगी और सहज है। वे सभी कलाकारों – चाहे लोक, शास्त्रीय या पाश्चात्य – से आत्मीय संबंध बनाए रखते हैं। नृत्य की बारीकियों की उनकी समझ और नेतृत्व क्षमता उन्हें अलग पहचान दिलाती है। सह संयोजक अनमोल कुमार ने कहा कि पूर्णिया के अधिकांश नृत्य गुरु उन्हें मार्गदर्शक मानते हैं। वहीं संस्थापक सदस्य मनोरंजन ने कहा कि समाज और सरकार किसी को तभी सम्मान देती है जब उसका योगदान निर्विवाद और उल्लेखनीय हो। अमित कुँवर को यह पुरस्कार मिलना पूरे जिले का मान बढ़ाने वाला है। संस्कार भारती के सभी पदाधिकारी और सदस्यों ने इस उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी वे पूर्णिया की कला और संस्कृति को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयाँ दिलाएँगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *