PURNIA NEWS : चम्पानगर थाना क्षेत्र में हुए एक गंभीर हमले के मामले में पूर्णिया पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी पद्धतियों का उपयोग करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और हमले में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किए हैं। मामला 8 फरवरी 2025 को सामने आया था, जब रात्रि लगभग 2:10 बजे चम्पानगर थाना अंतर्गत मोगलाहा चौक पर दुकान मालिक मोहम्मद अशरफ पर गोली और तीर से हमला किया गया। इस घटना के संबंध में चम्पानगर थाना में कांड संख्या 15/25 दर्ज किया गया था। पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अथक प्रयास के बाद 26 फरवरी को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद इशराफिल (58 वर्ष), निवासी प्रसादपुर और मोहम्मद सत्तार उर्फ बबलू (49 वर्ष), निवासी कटरिया कान्ही के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक गोली का खोखा, तीन तीर और एक ट्रैक्टर बरामद किया है। इस सफल कार्रवाई में चम्पानगर थाना की पुलिस अधिकारी प्रियंका कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह और सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई आगे बढ़ा रही है।