प्रिंस कुमार/ अररिया
रानीगंज (अररिया):अररिया जिले के रानीगंज जैसे ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यदुनंदन पवित्री (YNP) डिग्री कॉलेज ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 1978 में स्थापित यह महाविद्यालय अब प्रतिष्ठित ISO 14001 (अंतर्राष्ट्रीय पर्यावरण मानक) प्रमाणित संस्थान बन गया है।
क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (QRO) ने दी मान्यता
यह प्रमाण पत्र क्वालिटी रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (QRO) की विशेषज्ञ टीम द्वारा किए गए गहन ग्रीन ऑडिट और निरीक्षण के बाद जारी किया गया है। टीम ने कॉलेज के:
कचरा प्रबंधन (Waste Management): वैज्ञानिक और स्वच्छ निस्तारण प्रणाली।
परिसर की हरियाली: छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और एकाग्रता के लिए अनुकूल वातावरण।
पर्यावरण मानक: अंतर्राष्ट्रीय स्तर की स्वच्छता और अनुशासन की सराहना की है।
प्रधानाचार्य के नेतृत्व में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का आगाज
इस सफलता का मुख्य श्रेय कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार आलोक के कुशल नेतृत्व को दिया जा रहा है। उनके अथक प्रयासों से कॉलेज को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में BBA और BCA जैसे महत्वपूर्ण व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए AICTE (अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद) से मंजूरी मिल गई है। डॉ. आलोक अब कॉलेज को नेशनल रैंकिंग (NIRF) में स्थान दिलाने और आगामी नैक (NAAC) मूल्यांकन की तैयारियों में जुटे हैं।
क्षेत्र के दिग्गजों ने जताई खुशी
ग्रामीण क्षेत्र में कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के साथ-साथ अब तकनीकी शिक्षा की राह आसान होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ,पूर्व मंत्री विजय कुमार मंडल विभिन्न छात्र संगठनों, अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों ने महाविद्यालय परिवार को बधाई दी है।



