SAHARSA NEWS : शिक्षक दिवस पर उग्रतारा वेद विद्या केन्द्र महिषी द्वारा एक दिवसीय सरस्वती संवाद कार्यक्रम का आयोजन

SAHARSA NEWS, अजय कुमार : शिक्षक दिवस पर उग्रतारा वेद विद्या केन्द्र महिषी द्वारा उग्रतारा मंदिर परिसर में एक दिवसीय सरस्वती संवाद सह संस्कृतोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के संयोजक प्रख्यात युवा कवि विकास वर्धन मिश्र नें बताया कि अपने गौरवशाली अतीत एवं अद्वितीय ज्ञान परंपरा के लिए विख्यात गांव महिषी सम्पूर्ण विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। एक ओर श्री उग्रतारा शक्तिपीठ के रूप में यह सम्पूर्ण विश्व के लिए पूजनीय है तो दूसरी ओर भारती मण्डन के प्रामाणिक ज्ञान दर्शन एवं आध्यात्मिक उत्कर्ष के लिए अनुकरणीय है। इसी अद्भुत और गौरवपूर्ण धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए हम दशकों से कृतसंकल्पित हैं। व्यवस्थापक शत्रुघ्न चौधरी नें बताया कि श्री उग्रतारा वेद विद्या केन्द्र के सौजन्य से संस्कृत शिक्षा एवं इसके प्रसार व जनव्याप्ति हेतु हम सदैव से प्रयासरत हैं।

विगत कुछ वर्षों से शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर हम एक वार्षिक कार्यक्रम की पुनरावृत्ति करते आ रहे हैं। इस क्रम में इस वर्ष भी शिक्षक दिवस के मंगल सुयोग में हम वेदपाठी बालवृंद एवं संस्कृत अनुरागी आप समस्त प्रियजनों के सान्निध्य में इस दिव्य अनुष्ठान को दुहराने जा रहे हैं।इस आयोजन में मिथिला व सुदूर भारतवर्ष के कुछ विद्वान एवं प्रभावशाली व्यक्तित्वों को भी सम्मिलित करने जा रहे हैं जिनके दिव्य प्रभावशाली सान्निध्य से हम सब लाभान्वित होंगे। हमारे वेदपाठी बच्चों के मध्य शास्त्रार्थ स्वरूप संस्कृत अन्त्याक्षरी व अन्य प्रतिस्पर्धा भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने इस अलौकिक कार्य के सफल संयोजन व संपन्नता के लिए आप सबकी सहभागिता एवं उपस्थिति प्रार्थनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *