अमौर में परमान नदी उफान पर, कई गांवों में कटाव से हड़कंप – 40 परिवारों पर संकट गहराया

पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड के तराई क्षेत्र में परमान नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। दो दिनों से जारी पानी के बढ़ाव ने मच्छट्टा पंचायत के कोच्का किशनपुर वार्ड नंबर छह सहित आसपास के कई गांवों में दहशत फैला दी है। परमान नदी में कटाव की रफ्तार इतनी तेज हो गई है कि करीब 40 परिवारों के घर खतरे के मुहाने पर पहुंच गए हैं।

स्थानीय ग्रामीण कारे चौधरी, अगम चौधरी, मोहन चौधरी, दिलीप चौधरी, निवि लाल चौधरी, जगदीश चौधरी, मोहम्मद मुंतासिर, मोहम्मद कबीर, वरुण कुमार, बीबी खुशबून और रूपा देवी ने बताया कि नदी अब महज 50 फीट की दूरी पर पहुंच चुकी है। यदि प्रशासन ने जल्द कटाव निरोधी कार्य शुरू नहीं किया, तो पूरा टोला किसी भी वक्त नदी में समा सकता है।

PURNIA NEWS

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, क्योंकि उनके पास वैकल्पिक जमीन या ठिकाना नहीं है। इधर, बाढ़ का पानी खेतों में फैलने से मवेशियों के चारे की भी भारी किल्लत हो गई है। लोग जान जोखिम में डालकर पानी भरे खेतों से चारा जुटा रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अगर हालात यूं ही बने रहे तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *