न्यू फारबिसगंज स्टेशन बनाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा – डीआरएम

अररिया/प्रिंस कुमार : पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर मंडल की परामर्शदात्री समिति की बैठक में सदस्य विनोद सरावगी द्वारा यात्री हितों और रेल सेवाओं के विस्तार के संबंध में दिए गए सुझावों को सीनियर डीआरएम ने सैद्धांतिक सहमति दी है। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण सुझाव फारबिसगंज जंक्शन और चकरदाहा हॉल्ट के बीच ‘न्यू फारबिसगंज’ के नाम से एक नया रेलवे स्टेशन बनाने का था। समिति सदस्य विनोद सरावगी ने बताया कि इस नए स्टेशन के निर्माण से ट्रेनों के प्रारंभिक अनुरक्षण एवं रखरखाव (Maintenance) की उचित व्यवस्था हो सकेगी, जिससे क्षेत्र में नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता प्रशस्त होगा।

बड़े बजट के कारण रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा प्रस्ताव
विनोद सरावगी के सुझाव पर, सीनियर डीआरएम ने इस प्रस्ताव को उपयोगी बताते हुए इस पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की। हालांकि, उन्होंने इस प्रोजेक्ट को बड़े बजट का बताते हुए प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजने की बात कही।

नई ट्रेनों के परिचालन और विस्तार की मांग
सरावगी ने बैठक में अन्य महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिन पर डीआरएम ने गहन विचार-विमर्श करने का आश्वासन दिया: 15501/02 रक्सौल-जोगबनी ट्रेन का विस्तार अयोध्या कैंट तक किया जाए। 02573/38 नरकटियागंज-न्यू जलपाईगुड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन को स्थायी रूप से गुवाहाटी तक चलाया जाए। दरभंगा से गुवाहाटी के लिए त्रैसाप्ताहिक ट्रेन चलाई जाए (वाया झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, फारबिसगंज, ठाकुरगंज, सिलीगुड़ी)। जोगबनी से देवघर तक एक त्रिसाप्ताहिक ट्रेन चलाई जाए (भाया फारबिसगंज, सुपौल, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, बांका)।

फारबिसगंज-सहरसा रूट पर बढ़ेंगी ट्रेनें
फारबिसगंज-सहरसा के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग पर डीआरएम ने कहा कि भविष्य में ट्रेनों की संख्या में जरूर वृद्धि की जाएगी। इसके अलावा, विनोद सरावगी ने जानकारी दी कि फारबिसगंज में रनिंग रूम के निर्माण का कार्य भी काफी प्रगति पर है।

बैठक में शामिल रहे प्रमुख अधिकारी
यह बैठक सीनियर वाणिज्यिक प्रबंधक अनन्या स्मृति की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसका संचालन समस्तीपुर मुख्य मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा द्वारा किया गया। बैठक में अवर रेल प्रबंधक सन्नी सिंह, सीएमओ डॉ सुनील कुमार, सीनियर डीईएन संजय कुमार, वरीय मंडल कार्मिक पदाधिकारी विवेक कुमार मंडल, मंडल वित्त प्रबंधक भगनाथ झा, मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार सहित कई अन्य विभागीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *