संतमत की परंपरा समाज को प्रेम, सत्य और सद्भाव की दिशा देती है – कलाधर मंडल

PURNIA NEWS,अभय कुमार सिंह : संतमत की परंपरा समाज को प्रेम सत्य और सद्भाव की दिशा देती है उक्त बातें विधायक कलाधर मंडल ने भवानीपुर प्रखंड के मधवापुर में आयोजित दो दिवसीय संतमत सत्संग में शनिवार को सत्संग कार्यक्रम में कही। विधायक कलाधर प्रसाद मंडल ने सबसे पहले गुरुदेव परम पूज्य स्वामी महर्षि मेंही जी महाराज को नमन कर, आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार से पधारे परम पूज्य स्वामी सत्यानंद जी महाराज के दिव्य आशीर्वचन का श्रवण किया। सत्संग स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जहाँ भक्ति-भाव, आध्यात्मिक शांति और पवित्र वातावरण का मनोहारी दृश्य देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कलाधर प्रसाद मंडल ने कहा कि संतमत की परंपरा समाज को प्रेम, सत्य, करुणा और आत्मिक जागृति का संदेश देती है। संतों की वाणी मनुष्य को जीवन के सही मार्ग की ओर ले जाती है और समाज में एकता, सद्भाव एवं नैतिक मूल्यों को सशक्त बनाती है।

उन्होंने कहा कि मधवापुर में आयोजित यह संतमत सत्संग आध्यात्मिक उन्नति का प्रभावी माध्यम है, जो लोगों को कर्तव्य, संस्कार और मानव सेवा की प्रेरणा देता है। विधायक ने सत्संग के सफल आयोजन के लिए आयोजक मंडली एवं श्रद्धालुओं को धन्यवाद और शुभकामनाएँ दीं।
अंत में विधायक ने कहा कि समाज में सामंजस्य बनाए रखने और युवाओं को सही दिशा प्रदान करने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सभी संतमत अनुयायियों और श्रद्धालुओं के लिए शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। इस मौके पर भवानीपुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मुकेश कुमार दिनकर, जदयू जिला महासचिव निर्मल राय, पैक्स अध्यक्ष संजय मेहता, विनीत आनंद, सहित कई गणमान्य लोग व सत्संगप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *