ARARIA NEWS,प्रिंस(अन्ना राय) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर आज एक दस वर्षीय बच्ची लावारिस हालत में मिली, जो अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। बच्ची को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर अकेला और रोते हुए देखकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बजरंग दल के पूर्व जिला संयोजक मनोज सोनी को दी। सूचना मिलते ही मनोज सोनी तुरंत मौके पर पहुँचे और बच्ची को अपने साथ लिया। स्टेशन पर मौजूद आनंद भगत नामक व्यक्ति ने बच्ची को खाना खिलाया।
इसके बाद मनोज सोनी बच्ची को लेकर फारबिसगंज थाने पहुँचे और उसे थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह को सौंप दिया।मनोज सोनी ने बताया कि कुछ लोग बच्ची को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्होंने हस्तक्षेप कर बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित की। पुलिस ने बच्ची का फुटेज रानीगंज सहित अन्य कई जगहों पर भेजकर उसके परिजनों तक पहुँचने की कोशिश शुरू कर दी है।फिलहाल, बच्ची फारबिसगंज नगर थाने के संरक्षण में है। पुलिस ने रानीगंज थाना से संपर्क किया है, ताकि वे बच्ची के परिजनों को इस संबंध में सूचित कर सकें।



