पूर्णिया, आनंद यादुका : भवानीपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने एक कपड़ा व्यवसायी से नकद रुपये और मोबाइल लूट लिए, वहीं विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित की पहचान भवानीपुर नगर पंचायत अंतर्गत तेलियारी गांव निवासी मंजय कुमार पिता–सुरेश साह के रूप में हुई है। मंजय कुमार ने बताया कि वह मंगलवार को अपने टोटो से धमदाहा थाना क्षेत्र के सोरकाही गांव कपड़ा बेचने गया था। संध्या समय बिक्री कर वापस घर लौटते वक्त भवानीपुर थाना के पीछे सोरकाही जाने वाली सड़क पर नहर के पास तीन बदमाशों ने उसका टोटो रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने हथियार और डंडे का भय दिखाकर उसकी जेब से करीब 16 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।
जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने डंडे और पिस्टल के बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इधर, पीड़ित ने भवानीपुर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।



