हफनिया पंचायत में योजनाओं का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य केंद्र पर ताला मिलने से नाराजगी

पूर्णिया, विमल किशोर: अमौर प्रखंड अंतर्गत हफनिया पंचायत में शनिवार को बीडीओ राजा राम पंडित ने पंचायत सरकार भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आवास सर्वे, आरटीपीएस सहित विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण किया। पंचायत सरकार भवन के निरीक्षण के दौरान कुछ निर्माण संबंधी कमियां पाए जाने पर उन्होंने संवेदक को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के समय कार्यदिवस और ड्यूटी अवधि में अस्पताल का मुख्य द्वार बंद मिलने पर बीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने शिकायत की कि अक्सर डॉक्टर और नर्स अनुपस्थित रहते हैं, जिससे उन्हें मजबूरी में निजी क्लीनिक या दूरस्थ शहरों का रुख करना पड़ता है।

बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बिना सूचना ड्यूटी से गायब कर्मियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने पंचायत में चल रहे आवास सर्वे का भी निरीक्षण कर कर्मियों को निर्देश दिया कि कोई भी योग्य लाभुक वंचित न रहे। विभिन्न योजनाओं की जांच के दौरान पाई गई कमियों पर संबंधित विभागीय कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *