अररिया: अररिया कॉलेज स्टेडियम में खेले गए 35वें भागीरथी गंगा जिला क्रिकेट लीग (कांसम ट्रॉफी) के मैच संख्या 20 में अंबिशन क्रिकेट क्लब ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आयुष 11 को 66 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अंबिशन क्लब ने 30 ओवर में 7 विकेट पर 231 रन बनाए, जिसमें आमिर कमाली की नाबाद 55 रनों की संयमित पारी अहम रही, वहीं इमरान बाबू (48) और सम्राट (43) ने भी उपयोगी योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयुष 11 की टीम दबाव में आकर 30 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन ही बना सकी, हालांकि मनोज कुमार ने 49 रनों की पारी खेलकर संघर्ष किया। गेंदबाजी में अंबिशन क्लब की ओर से अकुएदास ने 3 विकेट झटके, जबकि आमिर कमाली और सम्राट ने दो-दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आमिर कमाली को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुकाबले के दौरान अंपायर अश्विनी कुमार और पंकज कुमार रहे, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी सुमित शर्मा ने निभाई। मैच के दौरान जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



