राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) पूर्णिया में एक सप्ताह के भीतर दो प्राध्यापक चिकित्सकों के इस्तीफे से मेडिकल कॉलेज और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार यह इस्तीफा केवल व्यक्तिगत कारण नहीं, बल्कि कॉलेज की कार्यप्रणाली, प्रबंधन और अनुशासन व्यवस्था से जुड़ा हुआ मामला है।
जानकारी के अनुसार जनवरी के दूसरे सप्ताह में पहले फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. लक्ष्मण कुमार ने इस्तीफा दिया। इसके बाद कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. अभय कुमार ने भी अपना पद छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कई चिकित्सक इस्तीफा दे चुके हैं या देने की तैयारी में हैं।
मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में एमबीबीएस के तीनों बैच की पढ़ाई चल रही है, साथ ही डीएनबी पाठ्यक्रम के तहत भी छात्रों को पढ़ाया जा रहा है। इसके बावजूद फैकल्टी की भारी कमी लगातार सामने आ रही है। सूत्र बताते हैं कि इस्तीफों की यह कड़ी अगर नहीं रुकी तो पढ़ाई और मरीजों की चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
इस पूरे मामले पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. हरिशंकर मिश्र ने कहा कि उन्हें किसी भी इस्तीफे की पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी और कोई भी चिकित्सक उनसे सीधे आकर अपनी समस्या नहीं रखी है। ऐसा भी हो सकता है कि सरकार द्वारा हालिया घोषणा के बाद कुछ डॉक्टर हताशा में इस्तीफा दे रहे हों, लेकिन इसकी स्पष्ट जानकारी मुझे नहीं है। अगली कड़ी जल्द ही अंग इंडिया अपडेट होगी….
विशेष रिपोर्ट नंदकिशोर/ अंग इंडिया, पूर्णिया /



