इंजीनियरिंग की राह छोड़ रचा स्टार्टअप का इतिहास, पूर्णिया के रवि रंजन को अमेरिका से मिला वैश्विक सम्मान

पूर्णिया: कहते हैं अगर हौसला बुलंद हो तो रास्ते खुद बन जाते हैं, और इसी कहावत को सच कर दिखाया है पूर्णिया के सर्वोदय नगर निवासी रवि रंजन ने, जिन्होंने इंजीनियर बनने की पढ़ाई के दौरान एक साधारण समस्या से असाधारण स्टार्टअप की नींव रख दी।

किसान पिता सुशील कुमार सिंह और माता अरुणा देवी के इकलौते पुत्र रवि द्वारा शुरू किया गया ऑनलाइन लॉन्ड्री स्टार्टअप “धोबी जी” को यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले की ओर से ग्लोबल एक्सीलेरेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया, जो बेंगलुरु में इनोवेशन एक्सीलेरेशन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मार्क सरल द्वारा प्रदान किया गया। चेन्नई में बीटेक की पढ़ाई के दौरान कपड़े धुलवाने की परेशानी से उपजे विचार ने पहले हॉस्टल, फिर आईटी पार्क और बाद में शहरों तक अपनी पहुंच बनाई।

दोस्तों अंकुर गुप्ता और दक्ष सभरवाल के साथ मिलकर बनाए गए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म ने आज चेन्नई और नोएडा में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है, जहां 50 से अधिक डिलीवरी कर्मी और दर्जनों प्रमाणित लॉन्ड्री इससे जुड़ी हैं। पहले भी उबर पिच और एसआरएम यूनिवर्सिटी से सम्मान पा चुका यह स्टार्टअप अब देशभर में विस्तार की ओर बढ़ रहा है और जल्द ही पूर्णिया में भी इसकी शुरुआत की योजना है, जिससे असंगठित लॉन्ड्री सेवाओं को डिजिटल पहचान देने का सपना साकार किया जा सके।