अररिया, राजेश कुमार: संसद के बजट सत्र में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को देश के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए नरपतगंज की विधायक देवंती यादव ने इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह बजट वर्ष 2014 से प्रारंभ हुए विकास के अभियान को नई गति देगा और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।
विधायक ने कहा कि बजट 2026 में चैंपियन एमएसएमई के निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर को सशक्त प्रोत्साहन, दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता और सुरक्षा, सिटी इकोनॉमिक रीजन का विकास, औद्योगिक क्षेत्रों के पुनरुद्धार तथा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विस्तार जैसे दूरदर्शी प्रावधान शामिल किए गए हैं, जो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेंगे। देवंती यादव ने बजट में शिक्षा क्षेत्र को दी गई प्राथमिकता की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में बालिकाओं के लिए आवासीय विद्यालय खोलने का निर्णय ऐतिहासिक है।
इससे ग्रामीण और पिछड़े इलाकों की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और उद्यमियों—सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और इससे आत्मनिर्भर भारत की नींव और अधिक सुदृढ़ होगी। विधायक ने लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत करने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देते हुए कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने की स्पष्ट और ठोस रूपरेखा प्रस्तुत करता है, जो आने वाले वर्षों में देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।



