पूर्णियाँ विश्वविद्यालय में स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन आज से, 19 जून तक चलेगी प्रक्रिया, छात्रों के लिए जारी की गई विस्तृत गाइडलाइन

पूर्णियाँ / किशन : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय द्वारा चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम (UG) सत्र 2026-30 के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन को लेकर विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी गई है। विश्वविद्यालय के डीन छात्र कल्याण (DSW) की ओर से जारी सूचना के अनुसार पहली मेरिट सूची के आधार पर 16 जून 2026 से 19 जून 2026 तक विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में नामांकन लिया जाएगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा प्रत्येक महाविद्यालय में Admission and Academic Documents Verification Cell का गठन किया जाएगा। सभी छात्रों को अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। बिना सत्यापन के नामांकन मान्य नहीं किया जाएगा।नामांकन के दौरान छात्रों को मैट्रिक एवं इंटर की अंक पत्र और प्रमाण पत्र, विद्यालय त्याग प्रमाण पत्र (CLC/SLC), प्रवासन प्रमाण पत्र (Migration), जाति प्रमाण पत्र, EWS प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं निर्धारित फोटो सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। विश्वविद्यालय ने कहा है कि ऑनलाइन आवेदन में दी गई जानकारी और मूल दस्तावेजों में अंतर पाए जाने पर संबंधित छात्र का नामांकन रद्द किया जा सकता है। विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी।

लोक भवन, पटना द्वारा निर्धारित शुल्क के अनुसार सामान्य छात्रों से निर्धारित नामांकन शुल्क लिया जाएगा, जबकि SC/ST वर्ग तथा सभी श्रेणी की छात्राओं से नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान एवं संगीत जैसे प्रायोगिक विषयों के लिए प्रयोगशाला शुल्क अलग से देय होगा।नामांकन के लिए छात्रों की शारीरिक उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है। महाविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे नामांकन के दौरान छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था करें तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करें।विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रथम मेरिट सूची में चयनित छात्र यदि निर्धारित तिथि तक नामांकन नहीं लेते हैं, तो उनका दावा समाप्त माना जाएगा और रिक्त सीटों के आधार पर अगली मेरिट सूची जारी की जाएगी।

नामांकन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आवेदन में दिए गए विषयों एवं आरक्षण नियमों के अनुरूप होगी।साथ ही विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि नामांकन संबंधी सभी सूचनाएं सूचना पट एवं वेबसाइट पर प्रदर्शित करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या की स्थिति में छात्र डीन छात्र कल्याण कार्यालय के ई-मेल dsw@purnea.ac.in पर संपर्क कर सकते हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के अंदर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर लें, ताकि आगे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।