पूर्णियाँ : अनुमंडल राजकीय डिग्री महाविद्यालय (एस.डी.जी.डी. कॉलेज), बायसी में पहली बार आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय स्नातक पंचम सेमेस्टर की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। इस परीक्षा में मारवाड़ी कॉलेज, किशनगंज के विद्यार्थियों ने भाग लिया।परीक्षा के सफल संचालन को लेकर महाविद्यालय के प्राचार्य सह केन्द्राधीक्षक प्रो. (डॉ.) सुधांशु शेखर झा लगातार परीक्षा केंद्र पर मौजूद रहकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। उन्होंने परीक्षा संचालन में पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महाविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. गोपाल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 जून से 15 जून तक आयोजित परीक्षा में प्रतिदिन 1300 से अधिक परीक्षार्थियों की उपस्थिति रही। परीक्षा को सफल बनाने में सहायक परीक्षा नियंत्रक डॉ. बिलाल अली, डॉ. अमित कुमार समेत सभी शिक्षक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने अहम योगदान दिया।उल्लेखनीय है कि एस.डी.जी.डी. कॉलेज, बायसी में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के सफल संचालन को देखते हुए पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा ग्रीष्मावकाश के दौरान भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से संपन्न हो सका।