पूर्णियाँ : आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं को पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 7 जुलाई 2026 (मंगलवार) को पूर्णिया जिले के सभी प्रखंडों की चिन्हित एक-एक पंचायत में पंचायत सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर को लेकर संबंधित पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में एक माह पूर्व से ही आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।यह निर्णय मंगलवार को जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में महानंदा सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लिया गया।
बैठक में पंचायत सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि 6 जुलाई 2026 तक प्राप्त सभी आवेदनों का विभागीय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही 7 जुलाई को आयोजित शिविर में संबंधित आवेदकों को उनके मामलों के निष्पादन की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
जिले के पूर्णिया पूर्व, के. नगर, श्रीनगर, कसबा, जलालगढ़, बनमनखी, बी. कोठी, भवानीपुर, धमदाहा, रुपौली, अमौर, बैसा, बायसी एवं डगरूआ प्रखंडों की चयनित पंचायतों के पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवन में यह शिविर आयोजित होगा।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी समस्या, शिकायत अथवा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन निर्धारित पंचायत सरकार भवन अथवा पंचायत भवन में समय रहते जमा करें, ताकि शिविर के माध्यम से उनका त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सदर अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।