पूर्णियाँ कॉलेज में ‘माई भारत पोर्टल पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान’ आयोजित

पूर्णियाँ : पूर्णिया कॉलेज, पूर्णिया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रथम इकाई के तत्वावधान में ‘माई भारत पोर्टल पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान’ का आयोजन महर्षि मेही सभासदन में किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को माई भारत (मेरा युवा भारत) पोर्टल से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा तथा स्वयंसेवी गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में माई भारत स्वयंसेवक नितिन कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, नव-पंजीकृत प्रतिभागी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी सीए राजेश एस. झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि माई भारत भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की एक महत्त्वपूर्ण पहल है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया का प्रदर्शन कराया गया तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का पंजीकरण कराया गया।माई भारत स्वयंसेवक नितिन कुमार ने भी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।