PURNEA NEWS : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर पूर्णिया में शनिवार को हंगामा मचा। आर एन साह चौक पर पूर्णिया जिला कांग्रेस अध्यक्ष छोटू सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस और महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने नीतीश का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों ने इसे राष्ट्रगान और देश की भावनाओं का अपमान बताते हुए CM के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद, जिला अतिथि गृह में कांग्रेस के शिष्टमंडल ने बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की। तेजस्वी ने इस घटना को “शर्मनाक” करार देते हुए नीतीश से माफी की मांग दोहराई। यह विरोध हाल के दिनों में नीतीश के एक वायरल वीडियो के बाद भड़का, जिसमें वह राष्ट्रगान के दौरान असामान्य व्यवहार करते दिखे। क्या यह विवाद थमेगा? नजरें अब सरकार के जवाब पर टिकी हैं।