PURNEA NEWS/भवानीपुर: गुरुवार की सुबह अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदीरी भिठ्ठा और परबत्ता टोला के बीच, मधेपुरा बॉर्डर के नजदीक एक युवती का शव बरामद हुआ। लेकिन घटना के 36 घंटे बाद भी मृतक युवती की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा पहचान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिला है।

अकबरपुर थाना अध्यक्ष अनुज कुमार राज के नेतृत्व में पुलिस टीम सोशल मीडिया और मानवीय सूत्रों से मृतक युवती की पहचान का प्रयास कर रही है। हालांकि, अभी तक युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है और न ही हत्यारों का कोई सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे पूर्णियाँ जीएमसीएच में सुरक्षित रखवा दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को तीन दिन तक जीएमसीएच में रखा जाएगा। यदि इस दौरान पहचान नहीं हो पाती है, तो पुलिस मृतक युवती का अंतिम संस्कार कर देगी।

मधेपुरा के किसी गांव का हो सकता है शव:
पूर्णियाँ जिले के अंतिम छोर पर मधेपुरा जिले की सीमा से बरामद युवती के शव के बारे में स्थानीय लोग कयास लगा रहे हैं कि यह शव शायद मधेपुरा जिले के किसी गांव का हो सकता है। गुरुवार को शव देखने पहुंचे रामदीरी, भिठ्ठा, परबत्ता और संथाली टोला के सैकड़ों लोग यही मान रहे थे कि यह शव मधेपुरा जिले के किसी गांव का हो सकता है। अकबरपुर पुलिस ने मधेपुरा जिले के चौसा, पुरैनी और बिहारीगंज थाना से भी शव की पहचान के लिए संपर्क किया है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

क्या था मामला:
गुरुवार को पूर्णियाँ जिले के अंतिम छोर पर, मधेपुरा जिले की सीमा से एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, हत्यारों ने युवती की हत्या कहीं और की और फिर शव को सुरैति पंचायत के रामदीरी भिठ्ठा एवं परबत्ता गांव के बीच, सुनसान जगह पर सड़क किनारे फेंक दिया। आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसके दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी गई।

अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज ने कहा कि पुलिस लगातार युवती की पहचान के लिए प्रयासरत है और इस मामले में जल्द ही कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल शव को पुलिस की निगरानी में जीएमसीएच में रखा गया है।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *