PURNEA NEWS/भवानीपुर: पूर्व विधायक सरयुग मंडल की प्रथम पुण्यतिथि पर सैकड़ों ने दी श्रद्धांजलि

PURNEA NEWS/भवानीपुर: रुपौली विधानसभा के पूर्व विधायक सरयुग मंडल की प्रथम पुण्यतिथि उनके पैतृक आवास सुपौली में श्रद्धा पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. मंडल की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके योगदान को याद किया गया और उनके व्यक्तित्व पर विचार व्यक्त किए गए।

जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष और रुपौली के पूर्व एनडीए प्रत्याशी कलाधर मंडल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्व. सरयुग मंडल ने अपने सार्वजनिक और निजी जीवन में हमेशा बेदाग कार्य किए। उन्होंने रुपौली क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। उनके कार्यों की छाप रुपौली पर हमेशा बनी रहेगी।

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे विभिन्न नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. सरयुग मंडल के व्यक्तित्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि वह हमेशा लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। जदयू जिला महासचिव रूपेश कुमार मंडल ने कहा, “हमने अपने राजनीतिक और पारिवारिक जीवन में स्व. मंडल से हमेशा मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनके विधायक काल में रुपौली विधानसभा क्षेत्र को जो विकास मिला, वही कारण है कि आज हम यहां चैन की सांस ले रहे हैं।”

इस मौके पर सुपौली पंचायत की मुखिया अनोखा देवी, पैक्स अध्यक्ष सुमन कुमार, रुपौली नगर पंचायत के मुख्य पार्षद निरंजन मंडल, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष शंभू प्रसाद मंडल, डॉ. सदानंद मंडल, राजेंद्र मंडल, पूर्व मुखिया धनेश्वर मंडल, पूर्व पैक्स अध्यक्ष बिंदेश्वरी बिमल, निर्मल कुमार राय, जयप्रकाश मंडल, शंकर शर्मा समेत सैकड़ों लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *