Araria News: अररिया में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, 12 चक्का ट्रक के गुप्त तहखाने से 181 कार्टून विदेशी शराब जब्त

प्रिंस कुमार, अररिया: Araria News अररिया जिले में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। नरपतगंज थाना पुलिस ने एक 12 चक्का ट्रक में बने गुप्त तहखाने का पर्दाफाश करते हुए 181 कार्टून विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा करीब 1575 लीटर बताई जा रही है।

एसपी अंजनी कुमार के अनुसार मद्य निषेध इकाई पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर फारबिसगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में नरपतगंज थाना के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान खाली दिख रहे ट्रक की बारीकी से तलाशी लेने पर केबिन के पीछे विशेष रूप से तैयार धातु का बॉक्स मिला, जिसमें शराब छिपाकर रखी गई थी।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक मनोवर हुसैन और खलासी अमित कुमार उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में असम से बिहार शराब लाने की बात कबूल की है। इस संबंध में नरपतगंज थाना में कांड दर्ज कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *