बीपीएससी चयनित शिक्षिका आयशा खातून का मुंगेर तबादला, विद्यालय में भावभीनी विदाई

अंग इंडिया संवाददाता/ आनंद यादुका : प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सर्कल टोला में बीपीएससी चयनित शिक्षिका आयशा खातून के मुंगेर स्थानांतरण पर विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आत्मीय और भावुक माहौल में संपन्न हुआ।

समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधान शिक्षिका सरिता कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि आयशा खातून का योगदान विद्यालय के लिए हमेशा यादगार रहेगा। एक शिक्षक बच्चों के जीवन को दिशा देने का कार्य करता है, और ऐसे समर्पित शिक्षक का जाना विद्यालय परिवार के लिए भावुक क्षण होता है।

इस अवसर पर शिक्षिकाएं नीलम कुमारी, चिंकी कुमारी, सरोज भारती और महताब आलम ने अपने विचार रखे और आयशा खातून की अनुशासन, कार्यनिष्ठा और बच्चों के प्रति लगाव की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रिय शिक्षिका को शुभकामनाएं दी।

विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में आयशा खातून ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्कल टोला विद्यालय से मिला स्नेह और सहयोग वे जीवन भर याद रखेंगी। उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *