प्रशांत किशोर का सीधा वार: “बिहारियों को पीटने वाले अब वोट मांगने आए हैं, जनता हिसाब चुकता करेगी”

बक्सर: बक्सर की क्रांतिकारी धरती से जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बुधवार को नीतीश कुमार, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यहीं इटाढ़ी की धरती पर पहली बार नीतीश कुमार के काफिले पर पत्थर चला था और अब यहीं से उनके पतन की शुरुआत होगी। PK ने कहा कि बिहार में जो सरकार पिछले वर्षों में छात्रों, शिक्षकों, मुखिया-सरपंचों और आशा सेविकाओं पर लाठी चलवाती रही, अब वही जब गांव-गांव वोट मांगने जाएगी, तो जनता उन्हें दौड़ाकर भगाएगी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन की बिहार यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “जब तमिलनाडु में बिहार के बच्चों को पीटा गया, तब स्टालिन मौन थे, अब वोट मांगने बिहार आ गए हैं। यह बिहारियों के मुंह पर तमाचा है।” उन्होंने कांग्रेस और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यह सब दिखाता है कि इन दलों का बिहार और यहां की जनता के प्रति क्या रवैया है। जनसभा में PK ने बक्सर की जनता से कई वादे भी किए।

उन्होंने कहा कि अगर जन सुराज की सरकार बनती है तो छठ के बाद 50 लाख युवाओं को बिहार में ही 10–12 हजार रुपये का रोजगार दिया जाएगा ताकि उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। साथ ही 60 साल से ऊपर के सभी लोगों को ₹2000 मासिक पेंशन और निजी स्कूल में पढ़ रहे गरीब बच्चों की फीस सरकार द्वारा वहन करने की बात भी कही। PK ने कहा, “ये बिहार की बदहाली की आखिरी छठ होगी, अब बदलाव तय है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *