PURNIA NEWS : पूर्णिया में धूमधाम से मनाया गया बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का जन्मोत्सव

PURNIA NEWS :वैश्य कुल के कुलगुरु बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का जन्मोत्सव शनिवार को जलालगढ़ स्थित बाबा मंदिर परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना के बीच हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरे पंडाल में “बाबा गणिनाथ अमर रहें” के जयकारों से गूंज उठी। दीप प्रज्वलन के साथ आरंभ हुए इस समारोह में नगर निगम की उपमहापौर पल्लवी गुप्ता, समिति के संरक्षक दिलीप कुमार साह, वैश्य समाज के प्रमंडल प्रवक्ता अधिवक्ता दिलीप कुमार दीपक, इंजीनियर अमोल कुमार और श्रीमती माया रानी अमरनाथ गुप्ता ने बाबा की प्रतिमा के समक्ष आहुति दी।

इस मौके पर उपमहापौर गुप्ता ने बाबा के जनकल्याणकारी जीवन को अनुकरणीय बताया, वहीं अधिवक्ता दीपक ने कहा कि बाबा आज भी वैश्य समाज के घर-घर में पूजनीय हैं। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि मंदिर निर्माण हेतु विभूति नाथ साह ने भूमि दान की थी और प्रतिमा की स्थापना इंजीनियर अमोल बाबू ने कराई थी। अंत में हजारों श्रद्धालुओं ने महाभोग का प्रसाद ग्रहण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सत्येंद्र साह, अरिंदम गुप्ता, राजेश शाह और मनोज कुमार साह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *