शिक्षिका शिवानी हत्याकांड के खुलासे पर राजद नेता मनीष यादव ने एसपी को दिया धन्यवाद

प्रिंस कुमार, अररिया : बहुचर्चित बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी वर्मा हत्याकांड के मामले में पुलिस द्वारा किए गए त्वरित खुलासे और तीन आरोपियों की गिरफ्तारी पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व जिलाध्यक्ष और खाबदह कन्हैली के मुखिया प्रतिनिधि मनीष यादव ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया है। शनिवार को मनीष यादव ने एसपी अंजनी कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की और बुके (पुष्पगुच्छ) भेंट कर 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को बधाई दी।

ग़लतफहमी में हुई थी हत्या

उल्लेखनीय है कि 03 दिसंबर की सुबह 9 बजे नरपतगंज के खाबदह स्थित मध्य विद्यालय, कन्हैली में पदस्थापित शिक्षिका शिवानी वर्मा की स्कूल जाते समय शिव मंदिर के पास अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस प्रशासन की तरफ से खुलासा किया गया था कि हत्यारे के निशाने पर कोई अन्य स्कूल की शिक्षिका थीं, जो उस दिन संयोग से अवकाश पर थीं। अपराधियों ने विद्यालय का सड़क मार्ग, समय और स्कूटी में समानता के कारण ग़लतफहमी में शिवानी वर्मा की जघन्य हत्या कर दी।

मिनी पुलिस चौकी बनाने की मांग

मनीष यादव ने एसपी को बताया कि घटना के बाद से ही उन्होंने मुखिया प्रतिनिधि और राजद कार्यकर्ता की हैसियत से प्रशासन को पूर्ण सहयोग दिया। पंचायत के सभी ग्रामीणों और विद्यालय कर्मियों ने भी जांच में पूरा सहयोग किया। इस मुलाकात के दौरान, श्री यादव ने एसपी से खाबदह शिव मंदिर हाट के पास मिनी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और शांति सुनिश्चित हो सके। एसपी अंजनी कुमार ने इस विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का भरोसा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *