PURNIA NEWS: अतिक्रमण की भेंट चढ़े रैन बसेरा, यात्रियों खासकर महिलाओं को हो रही भारी परेशानी

पूर्णिया, आनंद यादुका: PURNIA NEWS लाखों रुपये की सरकारी लागत से यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए रैन बसेरा आज अतिक्रमण और उपेक्षा के कारण बदहाली का शिकार हो चुके हैं, जिससे आम राहगीरों के साथ-साथ महिला यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्णिया–टिकापट्टी स्टेट हाइवे पर भवानीपुर बस स्टैंड के पास बने दो रैन बसेरा और बलिया रोड स्थित बजरंगबली चौक के समीप का रैन बसेरा अवैध दुकानों और कब्जाधारियों की चपेट में हैं, जिसके चलते यात्रियों को बस या अन्य वाहनों के इंतजार में खुले में खड़ा रहना पड़ता है। महिलाओं को दुकानों के सामने या सड़क किनारे खड़े होने की मजबूरी झेलनी पड़ती है, जहां उन्हें असहजता, शर्मिंदगी और दुकानदारों की झिड़कियों का सामना करना पड़ता है।

शाम होते ही ये अतिक्रमित रैन बसेरा नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन जाते हैं, जिससे इलाके में डर का माहौल रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन स्थिति से अवगत होने के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि अब क्षेत्रवासियों ने जिला पदाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *