पंचायतों में चल रहे किसान पंजीकरण शिविरों का एसडीएम ने किया निरीक्षण

पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अनुपम ने भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में संचालित किसान पंजीकरण शिविरों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य किसानों के पंजीकरण कार्य को पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराना था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रखंड क्षेत्र की कई पंचायतों में लगाए गए शिविरों का भ्रमण किया।

इसी क्रम में उन्होंने सुरैति पंचायत स्थित भिठ्ठा मध्य विद्यालय में आयोजित किसान पंजीकरण शिविर का भी निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित कर्मियों को सख्त निर्देश देते हुए एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि किसानों के पंजीकरण में किसी भी प्रकार की अवैध उगाही, लापरवाही या अनियमितता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम अनुपम ने कहा कि प्रखंड की सभी पंचायतों में शत-प्रतिशत किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस कार्य में लगे किसान सलाहकारों एवं अन्य संबंधित कर्मियों की यह जिम्मेदारी है कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजीकरण कार्य में कोताही बरतने या शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के इस निरीक्षण से पंजीकरण कार्य में तेजी लाने और किसानों को बिना किसी परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रशासनिक सख्ती स्पष्ट नजर आई। इससे किसानों में भी भरोसा बढ़ा है कि उन्हें पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *