Chhath Puja 2025

Chhath Puja 2025: सिमरी बख्तियारपुर में छठ घाटों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Chhath Puja 2025

सहरसा, अजय कुमार: Chhath Puja 2025 लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नगर के विभिन्न छठ घाटों पर सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य आरंभ कर दिया गया है। शनिवार को नगर परिषद की टीम के साथ कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुकेश कुमार ठाकुर ने कई घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान नगर परिषद के कर्मियों को निर्देश दिया गया कि घाटों पर जल जमाव की समस्या, कीचड़ और कचरे की सफाई तत्काल की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इस मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और स्वच्छता का प्रतीक है।नगर परिषद की ओर से सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण और कचरा निस्तारण कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि श्रद्धालुओं को हर सुविधा उपलब्ध हो और वे सुरक्षित रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।

वहीं एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान पुलिस बलों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले घाटों पर महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही बैरिकेडिंग का कार्य भी करवाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के सफाई कर्मी, वार्ड पार्षद और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Categories:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *